कन्नौज जनपद के थाना गुरसहायगंज के ग्राम बारामऊ निवासी ठाकुर जदुवीर सिंह उर्फ भीकम (65) की (फाइल फोट?
- फोटो : KANNAUJ
गुगरापुर (कन्नौज)। शराब के लिए पैसे न देने पर पुत्र ने पिता को लाठी-डंडों व लात घूसों से पीट दिया। गंभीर हालत में कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। आरोपी की पुत्री ने पिता के खिलाफ बाबा की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
थाना गुरसहायगंज के ग्राम बारामऊ निवासी 65 वर्षीय ठाकुर जदुवीर सिंह उर्फ भीकम का इकलौता पुत्र बाबू सिंह शराब का लती है। शनिवार शाम उसने पिता से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। पिता ने रुपये न होने की बात कहीं तो पुत्र ने खेत बेचने का दबाव बनाया। पिता के मना करने पर उसने लात-घूसों व डंडे से बेरहमी से पीट दिया। परिजन बचाने दौड़े तो जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। आरोपी बाबू सिंह की पुत्री साधना (15) ने यूपी-112 को सूचना दी। पुलिस वृद्ध को गुगरापुर सीएचसी ले गई। यहां से उन्हें तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। रविवार शाम हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उन्हें कानपुर ले जाने की सलाह दी। कानपुर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
साधना की तहरीर पर पुलिस ने उसके पिता बाबू सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नौरंगपुर चौकी प्रभारी ने परिजनों समेत ग्रामीणों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह ने बताया पुत्री की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
13 बीघा जमीन के लिए अक्सर पिता-पुत्र में होता था झगड़ा
ठाकुर जदुवीर सिंह उर्फ भीखम सिंह के पास 13 बीघा जमीन थी। पुत्र बाबू सिंह के शराब की लत से वह काफी परेशान रहते थे। ग्रामीणों के मुताबिक पिता-पुत्र में शराब पीने की वजह से अक्सर झगड़ा होता रहता था। शराब पीने को लेकर पुत्र सदैव पिता पर जमीन बेचने का दबाव बनाता था। 13 बीघा जमीन ही ठाकुर जदुवीर सिंह उर्फ भीकम सिंह के लिए जानलेवा साबित हुई।
------
बीमारी से 15 साल पहले दूसरे पुत्र की हो गई थी मौत
ठाकुर जदुवीर सिंह उर्फ भीखम सिंह के दो पुत्र व एक बेटी है। इसमें उन्होंने बेटी की पड़ोसी गांव में शादी कर दी। वहीं, 15 साल पहले छोटे पुत्र ब्रजपाल की बीमारी के चलते मौत हो गई। इसके बाद बाबू सिंह ही उनके बुढ़ापे का सहारा था लेकिन शराब की लत से वह गलत रास्ते पर चल पड़ा। इससे बुरी आदतों में फंसता चला गया।