कन्नौज। शहर के बोर्डिंग ग्राउंड पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से मेरा युवा भारत के तहत जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को किया गया। इसमें बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में संध्या प्रथम, रामकेतकी द्वितीय एवं गौरी तृतीय स्थान पर रहीं। इससे पहले मुख्य अतिथि समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की।
उन्होंने युवाओं को भारत सरकार की खेलो इंडिया योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में युवाओं से खेलों से जुड़ने की अपील की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने खेलो भारत नीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों को खेलकूद प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने कहा कि जनपद के चार विकास खंड कन्नौज, जलालाबाद, गुगरापुर एवं तालग्राम में आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को जनपद स्तर पर प्रतिभाग का अवसर दिया गया है।
कबड्डी में कन्नौज टीम ने तालग्राम टीम को हराया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में तालग्राम की टीम विजेता एवं गुगरापुर टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग की स्लो साइक्लिंग में अंकिता ने प्रथम, भावना पाल ने द्वितीय एवं कंचन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग की लंबी कूद में संजय यादव प्रथम, पुनीत पाल द्वितीय एवं प्रवीण कुमार तृतीय स्थान पर रहे। बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में प्रशांत कुमार प्रथम, अमित द्वितीय एवं रंजीत तृतीय स्थान पर रहे। मंत्री ने विजेता टीम और खिलाड़ियों को शील्ड, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। शिक्षक चंद्रभान यादव, कौशांक यादव, सऊद रजा एवं संगीता वर्मा ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस दौरान शिवांग, राजेंद्र, सुरजीत, आदर्श, सुमित, दीपक आदि मौजूद रहे।