किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी देते जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, सीडीओ प्रेमप्रकाश, सीएमओ डॉ. कृष्?
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। इन्हें योजना के तहत किसान क्रेडिट कार्ड दिया जाएगा। अभियान चलाकर यह सुविधा दी जाएगी। यह जानकारी जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कलक्ट्रेट में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि जिले में 2,54,932 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकृत हैं। जिन किसानों के क्रेडिट कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें उपलब्ध कराने के लिए 22 फरवरी तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। बैंक शाखा पर किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाएंगे। किसान क्रेडिट कार्ड पर किसानों को सात प्रतिशत का ब्याज दिया जाता है। समय से ऋण जमा करने पर ब्याज में तीन प्रतिशत की छूट मिलती है। किसान को चार प्रतिशत ही ऋण जमा करना पड़ता है।
डीएम ने बताया कि जिन किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड पहले से बने हैं, वह तीन लाख तक लिमिट बढ़ाकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। निष्क्रिय खाता धारक इसे चालू कराकर आय को बढ़ा सकते हैं। पशु व मत्स्य पालन करने वाले किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिया जाएगा। क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए बैंक से मिले एक पन्ने का फार्म समेत खसरा, खतौनी आदि कागज लगाकर जमा किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में प्रधान योजना के लाभार्थियों की बैठक कर किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाने की जानकारी देंगे। इसके अलावा सचिवों, लेखपालों व कृषि विभाग के प्राविधिक सहायकों को बैंक से किसानों की सूची लेकर किसानों को केसीसी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
इस मौके पर सीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप, जिला कृषि अधिकारी राम मिलन सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।