राजकीय कृषि भण्डार केंद्र पर शिकायत लेकर कतार में खड़े किसान।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले के सभी ब्लाकों में सोमवार को प्रधानमंत्री किसान समाधान दिवस का आयोजन हुआ। किसानों ने करीब 1500 शिकायतें दर्ज कराईं। अफसरों और कर्मचारियों ने आधार कार्ड और खाता संख्या सही करवाकर 1350 किसानों की समस्या का समाधान किया।
जिले के आठ विकास खंडों में पीएम किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के राजकीय कृषि बीज भंडार गृह पर सुबह से किसानों की लाइन लगनी शुरू हो गई। ज्यादातर किसानों को आधार संख्या में संशोधन कराना था। इसकी वजह से पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा था। अफसरों व कर्मियों ने समस्याएं सुनीं। समस्याओं का निस्तारण कराया।
इस दौरान जिले के आठ विकास खंडों से करीब 1500 शिकायतें आईं। 1350 शिकायतों का समाधान कर पोर्टल पर फीड किया गया। डीडी कृषि आरएन सिंह, जिला कृषि अधिकारी राम मिलन सिंह ने सदर ब्लाक समेत कई ब्लाकों का निरीक्षण कर समाधान दिवस की हकीकत जानी। साथ ही अफसरों को समस्या के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।
200 किसानों ने अधिकारियों को दिया प्रार्थना पत्र
तिर्वा। सोमवार को ब्लाक परिसर में स्थित कृषि विभाग कार्यालय पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। प्रभारी धीरेंद्र कुमार ने किसानों से आवेदन लेकर कमियों को दूर किया। इससे आने वाले समय में किसान पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ ले सकें। (संवाद)