छिबरामऊ।
8 दिसंबर को अमन प्रोडक्शन मुंबई की फिल्म सल्लू की शादी पूरे भारत में रिलीज हो रही है। इसमें तालग्राम का छोरा अमित गुप्ता भी दिखेगा। इसमें बालीवुड के कई नामीगिरामी अभिनेताओं के साथ अमित गुप्ता ने भी अभिनय की छाप छोड़ी है।
कस्बा तालग्राम निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि फिल्म में सलमान खान, जीनत अमान, किरन कुमार, असरानी, शक्तिकपूर व रज्जाक खान सहित कई मशहूर अभिनेता हैं। बकौल अमित, फिल्म सल्लू की शादी में उसने एक पुलिस वाले का रोल किया है। फिल्म की शुरुआत से लेकर अंत तक उसने कई अच्छे सीन दिए हैं। वैसे यह मनोरंजन फिल्म है।
निर्देशक मो. इसरार खान ने काफी मेहनत की है। भारत के कई बड़े शहरों में फिल्म का प्रमोशन हो चुका है। अब सभी को फिल्म के रिलीज होने का इंतजार है। इससे पहले अमित ने कई फिल्मों में काम किया है, जिसमें बगावत, मुकद्दर, द वर्दी ऑफ पॉवर, जिला कन्नौज, नेता छविराम जैसी कई हिंदी और भोजपुरी फिल्में शामिल हैं।
इसके अलावा उसने अदालत, सीआईडी, संघर्ष, सावधान इंडिया जैसे कई धारावाहिकों में भी उत्कृष्ट अभिनय कर अपनी छाप छोड़ी है। ये धारावाहिक सोनी, लाइफ ओके और स्टार प्लस सहित कई चैनलों पर प्रसारित हो रहे हैं। अमित ने मशहूर हास्य अभिनेता राजपाल यादव के साथ भी कई फिल्मों में काम किया है।
उसने बताया कि आने वाले दिनों में उसकी बड़े बजट की कई फिल्में और धारावाहिक आ रहे हैं। अमित के पिता किशन गुप्ता के मुताबिक बचपन से ही अमित का फिल्मी दुनिया के प्रति रुझान था। आखिरकार उसने लगन और मेहनत के बल पर अपना यह सपना पूरा कर लिया। अभी हाल में ही अमित के भाई अतुल गुप्ता नगर पंचायत तालग्राम से सभासद भी चुने गए हैं।