छिबरामऊ। विकास खंड सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में बीडीओ के तेवर काफी तल्ख दिखे। 26 जनवरी तक खेल मैदानों का ट्रैक व कच्चा कार्य पूरा न होने पर सचिवों का वेतन रोका जाएगा। साथ ही मैदानों की धीमी प्रगति एवं शिथिल पर्यवेक्षण के लिए क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति की गई है।
बीडीओ दीपांकर आर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार अपूर्ण आवासों को एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सबसे ज्यादा अपूर्ण मुख्यमंत्री आवासों के लिए सचिव संजीव शर्मा, शरद कुमार व योगेंद्र को फटकार लगाई। मनरेगा योजना के तहत खेल मैदानों की समीक्षा करते हुए धीमे कार्य पर सचिव व तकनीकी सहायक को फटकार लगाई।
बीडीओ ने कहा कि जिन सचिवों का खेल मैदान निर्माण 26 जनवरी तक पूर्ण नहीं होगा, उनका वेतन रोकने के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी। मनरेगा पार्क की प्रगति पर संतोष जताया। जन्म-मृत्यु के लंबित आवेदन सचिव कई दिनों तक अपने पास रखे रहते हैं, जिससे ग्रामीणों को इधर-उधर भटकना पड़ता। कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी। बैठक में एडीओ यशकरन सिंह, अनिल कुमार समेत सभी सचिव व तकनीकी सहायक मौजूद रहे।