कन्नौज। जिले में बन रहे विश्व स्तरीय इत्र पार्क में अब स्टार्टअप का संगम दिखाई देगा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने इसमें उद्योग लगाने वाले सभी उद्यमियाें को इत्र के अलावा अन्य उत्पादों को बनाने की सहमति प्रदान कर दी है। इसके लिए छह उद्यमियों को आवंटन पत्र भी प्रदान कर दिया गया है। इत्रपार्क में यूपीसीडा की तरफ से भी कई सुविधाएं विकसित किए जाने की योजना है।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे ठठिया क्षेत्र में 50 एकड़ की भूमि पर विश्व स्तरीय इत्रपार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए 68 भूखंड निर्धारित किए गए हैं। इनमें 33 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। जनपद की प्रतिभागिता कम होने के कारण जिलाधिकारी ने इसे संज्ञान लिया और उद्यमियों को प्रोत्साहित कर कई आवेदन कराए, जिसमें छह लोगों ने इसी माह से औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की सहमति प्रदान की हैं। यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक मंसूर कटियार ने बताया कि जनपद कन्नौज में एमएल राम नरायन परफ्यूमर्स, मोहल्ला होली निवासी अल्का त्रिवेदी, गदनपुर बड्डू मकरंदनगर निवासी रुचि गुप्ता, मोहल्ला बलायपुल निवासी प्रखर मिश्रा, पकरिया टोला निवासी अभिनय गुप्ता तथा अशोक नगर की प्रसिद्ध इत्र निर्माता कंपनी पं. चंद्रबली एंड संस को आवंटन पत्र सौंप दिया गया है और जल्द ही यह सभी उद्यमी अपना उद्योग स्थापित करेंगे। यह आवश्यक नहीं है कि इत्रपार्क में केवल इत्र ही बनाया जाए, इसमें सौंदर्य प्रसाधन और कन्फेक्शनरी सहित अन्य खाद्य पदार्थ भी बनाए जा सकेंगे।