मेडिकल स्टोर पर छापा मारती पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। सैनिटाइजर व मास्क की कालाबाजारी की सूचना पर पुलिस ने कस्बे के सभी मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। यहां मौजूद लोगों से बिक्री कीमत की जानकारी ली। कहा गया कि कालाबाजारी की शिकायत आती है तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को कोतवाल इंद्रपाल सरोज ने एसडीएम के निर्देश पर कस्बे के मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। बिक्री किए जा रहे सैनिटाइजर व मास्क के विषय में जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल स्टोरों पर इनकी खरीद करने आए लोगों से बिक्री की कीमत की जानकारी ली। उन्होंने कस्बे में एनाउंस कराकर निर्धारित कीमत पर बिक्री करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी मेडिकल स्टोर पर अधिक दाम पर सैनिटाइजर व मास्क की बिक्री की जाती है तो विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम जयकरन ने बताया कि देश में महामारी चल रही है। इसका बचाव सभी लोग करें। अगर सैनिटाइजर व मास्क के साथ-साथ उपयोग में आने वाली वस्तुओं की कालाबाजारी या उगाही की शिकायत आती है तो संबधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।