सदर तहसील में एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान 64 फरियादियों ने अपनी शिकायतों का पंजीकरण कराया। इसमें महज एक ही शिकायत का मौके पर निस्तारण हो सका।
सदर तहसील सभागार में शिकायतें सुनते हुए एसडीएम ने कहा कि सभी विभागीय अफसर जल्द ही निस्तारण कर इसकी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दें। गांव जेंवा के मजरा भुलभुलियापुर के संदीप, राजीव यादव सहित कई ग्रामीणों ने प्रार्थनापत्र देकर गांव के तालाब पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की।
इस पर एसडीएम ने जल्द पैमाइश कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। गांव जलालाबाद निवासी विकलांग दीपू अवस्थी पुत्र ओमप्रकाश ने रास्ते पर अवैध कब्जा की शिकायत की। उसका कहना था कि उसके घर जाने वाले मार्ग पर खड़ंजा भी नहीं बिछा है। इससे आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
विगत 27 जुलाई को वह इसी बात को लेकर अनशन पर बैठा था। इस पर उसे जल्द मार्ग से अवैध कब्जे हटवाकर खड़ंजा बिछवाए जाने का भरोसा दिलाया गया था। लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हुई है। इस मौके पर सीओ सदर करन सिंह, डिप्टी कलेक्टर राजेश कुमार यादव, तहसीलदार राजेश कुमार, नायब तहसीलदार प्रेमनरायन प्रजापति, बीडीओ सदर साधना दीक्षित, ईओ नगरपालिका कन्नौज बीडी भट्ट, एसडीओ विद्युत वीरभद्र मौजूद रहे।
तिर्वा प्रतिनिधि के मुताबिक अपर जिलाधिकारी रमेशचंद्र यादव की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 56 शिकायतें आयीं। एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं किया जा सका। एडीएम ने सभी मामलों के निस्तारण के लिए 10 दिनों का समय दिया।
तहसील दिवस के दौरान सिकरौरी क्षेत्र के एक सैकड़ा ग्रामीण ट्रैक्टर की ट्रालियों में भरकर तहसील परिसर पहुंचे। एडीएम से शिकायत रखी कि पूर्ति विभाग की सांठगांठ के चलते गांव में राशन कोटेदार के चयन में मनमानी की गयी है। चयन के दौरान पारदर्शिता नहीं बरती गयी। इस शिकायत पर एडीएम ने तहसीलदार को मामले की जांच के निर्देश दिए।
ग्रीन गैंग की कई महिलाओं ने अपनी खेतीहर जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें कीं। इन शिकायतों पर भी जांच के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपजिलाधिकारी महेशचंद्र शर्मा, तहसीलदार सरोज कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र पाल, उमर्दा के बीडीओ रामउदरेज यादव सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
---------
मांगे पूरी न होने पर वकीलों ने दिया धरना
कन्नौज। सदर तहसील के अधिवक्ताओं ने मांगों को पूरा न होने पर सदर तहसील परिसर में धरना दिया। 6 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस मौके पर योगेंद्र कटियार, कृष्णचंद्र शर्मा, मनोज कुमार पांडेय, रामबाबू राठौर, अजय श्रीवास्तव, राजीव श्रीवास्तव सहित काफी अधिवक्ता मौजूद रहे।