मेडिकल कालेज में नवजात की मौत के बाद उगाही का आरोप लगा परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर चिकित्सा अधिकारियों के समझाने पर परिजनों का आक्रोश शांत हुआ और महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नयापुरवा निवासी राजू की पत्नी शीला देवी को रविवार की सुबह तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। इससे राजू ने उसे हसेरन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां शीला ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन जुड़वा बच्चे पैदा होने की संभावना जाहिर कर चिकित्सकों ने राजकीय मेडिकल कालेज उसे भेज दिया। यहां एक बच्चे का जन्म होने के करीब एक घंटे बाद बच्चे की मौत हो गई।
करीब तीन बजे स्टाफ नर्सों ने शीला देवी के इलाज के नाम पर राजू से पैसों की मांग की। इसी बात पर राजू और उसके परिजनों ने स्टाफ नर्सों पर धनउगाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे चिकित्सा अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और शीला देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएमएस डा. दिलीप सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।