पति से परेशान फर्रुखाबाद जनपद की एक महिला विकास भवन
में बनी पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गई। सूचना पाकर पुलिस एवं प्रशासनिक
अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक महिला ने जान देने की धमकी देते
हुए हंगामा किया। बाद में अफसरों के समझाने पर पानी की टंकी से नीचे उतरी।
मिली
जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज कस्बा निवासी ममता यादव
पत्नी वीरा यादव अपने पति से परेशान थी। उसका आरोप था कि पति ने मारपीट कर
उसे घर से निकाल दिया है। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। इसी को लेकर वह
आत्महत्या करने के लिए पानी की टंकी की छत पर चढ़ी।
इसकी सूचना जैसे ही
विकास भवन के अधिकारियों को हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को जानकारी दी।
कुछ ही देर में पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर करन सिंह, कोतवाल भुल्लन यादव,
एसडीएम सुनील शुक्ला, परियोजना निदेशक एके सिंह, सरायमीरा चौकी प्रभारी
वीके गौतम सहित विकास भवन के अधिकारी पहुंच गए।
महिला से काफी देर तक
चिल्ला-चिल्लाकर समस्याएं पूछते रहे, पर वह कुछ भी बोलने को तैयार नहीं
हुई। इसके बाद काफी समझाने के बाद पानी की टंकी पर चढ़ी महिला ने
परेशान होने की बात कहते हुए आत्महत्या करने की चेतावनी दी। इसके बाद
अधिकारियों ने आननफानन में फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की
गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस की जीप से लाउड स्पीकर निकालकर महिला से
बात की गई और उसकी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया। इस पर उसने
अफसरों की बात मान ली और नीचे उतर आई। इसके बाद अफसरों ने उससे वार्ता की
और समस्याएं सुनीं। इस बाबत सीओ ने बताया कि महिला अपने पति व अन्य परिजनों
से पीड़ित है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।