तिर्वा क्रासिंग पर मंगलवार की दोपहर महिला ने 22 हजार रुपये छीने जाने का मामला कोतवाली में दर्ज करवाया था। उसके रुपये झाडू लगाते समय दुकानदार को फ्रिज के नीचे पड़े मिले। दुकानदार ने ईमादारी की मिशाल पेश करते हुए पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस की मौजदूगी में महिला को रुपये वापस कर दिए गए।
मंगलवार की सुबह मैनपुरी जनपद के मोहल्ला चंदेश्वर निवासी महिला रेखा पत्नी ब्रजपाल सिंह आयावर्त ग्रामीण बैंक शाखा सरायमीरा 22 हजार रुपये जमा करने आई थी। आधार कार्ड की फोटो कापी कराते समय उसके रुपये तिर्वा क्रासिंग जीटी रोड स्थित दिलीप तिवारी की दुकान के बाहर गिर गए थे। महिला ने रुपये लूटे जाने का आरोप लगाते हुए दो लुटेरों द्वारा रुपये लूटकर भाग जाने की बात कही थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद दो संदिग्ध लोगों को पकड़ कर महिला के सामने किया था लेकिन उसने दोनों युवक ों के न होने की बात कही थी। तब से लगातार सरायमीरा चौकी प्रभारी रजनीश यादव व चीता मोबाइल के सिपाही संतोष कुमार रुपयों की खोजबीन में जुटे हुए थे।
बुधवार की सुबह फोटो कापी दुकान के मालिक ने दुकान खोल कर झाडू लगाई। दुकान के बाहर झाडू लगाते समय दुकान के बाहर रखे फ्रिज के नीचे पालीथीन पड़ी देखी। जब उसने हाथ डालकर पालीथीन बाहर निकाला तो उसमें 22 हजार रुपये पाए। दुकान मालिक ने तत्काल सरायमीरा चौकी प्रभारी को फोन मिलाकर महिला के गायब रुपये मिल जाने की बात कही। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। दुकानदार ने मिले रुपये तत्काल कांस्टेबल संतोष को वापस कर दिए। शाम के समय पुलिस की सूचना पर महिला रेखा अपने परिजनों के साथ दुकान पर पहुंची। जहां पुलिस ने गायब रुपये महिला को सौंप दिए।