RPF engaged in combing the horoscope of gang accused
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले से कानपुर तक रेलवे संपत्ति चोरी करने वाले गैंग की कुंडली रेलवे पुलिस ने खंगालनी शुरू की है। सदर कोतवाली पहुंच कर रेलवे पुलिस ने गैंग के सदस्यों और सरगना पर दर्ज आपराधिक मुकदमों के बारे में जानकारी जुटाई।
आरपीएफ थाना प्रभारी प्रमोद लाकड़ा ने पुलिस बल के साथ बुधवार रात कानपुर महानगर के रावतपुर रेलवे स्टेशन के पास गिरीश कुमार पुत्र श्रीकृष्ण राजपूत (निवासी कासिमपुर सदर कोतवाली कन्नौज) को गिरफ्तार किया था। पुलिस छानबीन में सामने आया कि कई दिनों से ट्रेनों के टूल बॉक्स और रेलवे क्रॉसिंग पर लगे बैरियर-बूम से यह गिरोह लोहा चुरा रहा था। शुक्रवार को रेलवे पुलिस ने सदर कोतवाली पहुंच कर सरगना गिरीश और उसके साथियों पर दर्ज आपराधिक मुकदमों का ब्योरा मांगा। सदर कोतवाल विकास राय ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की छानबीन कर सूची तैयार की जा रही है।
आरपीएफ थाना प्रभारी प्रमोद लाकड़ा ने बताया कि रेलवे संपत्ति की चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सारे तथ्य जुटाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।