तिर्वा-कन्नौज रोड जाम करते आक्रोशित परिजन व ग्रामीण।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आकर ट्रैक्टर चालक किसान की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने दरोगा पर 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर जाम लगा दिया। रास्ते से गुजर रहे डीएम रवींद्र कुमार ने गाड़ी रुकवाकर आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ठठिया क्षेत्र के मदेपुरवा सिमरिया निवासी किसान हरिश्चंद्र (25) पुत्र राम प्रकाश भाई प्रदीप की ससुराल कल्यानपुर में ससुर रामचंद्र का खेत अपने ट्रैक्टर से जोतने आए थे। गुरुवार तड़के करीब तीन बजे जुताई करते समय हरिश्चंद्र रोटावेटर की चपेट में आ गए। इससे मौत हो गई। मृतक के पिता राम प्रकाश ने तिर्वा कोतवाली पुलिस को हादसे की सूचना दी। अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय परिजनों ने सदर कोतवाली क्षेत्र के शरीफापुर गांव के सामने दरोेगा पर 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाकर रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना था कि दरोगा पोस्टमार्टम न कराने के एवज में रुपयों की मांग कर रहे हैं। रुपये न होने की बात कहने पर दरोगा पोस्टमार्टम कराने पर अड़ गए। उधर, तिर्वा से लौट रहे डीएम ने जाम देखकर गाड़ी को रुकवा दिया। परिजनों को शांत कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
तिर्वा कोतवाल टीपी वर्मा ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पूर्व परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए निकल गए थे। इससे पुलिस टीम ने शरीफापुर गांव के पास ट्रैक्टर रोक लिया था। परिजन पोस्टमार्टम न कराने का दबाव बना रहे थे। पुलिस की सख्ती देखकर वह रुपये मांगने का आरोप लगाने लगे। आला अधिकारियों के निर्देश पर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।