रोडवेज बस से दिल्ली जा रहे युवक का नोटों से भरा थैला चोरी हो गया। शक के आधार पर एक युवक को पकड़ा गया है। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए युवक के पास एक लाख रुपये के नोट बरामद हुए। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
तिर्वा कस्बे के दुर्गानगर मोहल्ला निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र मुन्नालाल कास्मेटिक का सामान खरीदने रोडवेज बस से शनिवार की शाम दिल्ली जा रहा था। रोडवेज बस स्टेशन पर उसने अपनी 20 हजार रुपये से भरा थैला ड्राइवर के आगे रखकर बैठ गया। किसी काम से ड्राइवर बस से नीचे उतर गया।
बाद में जितेंद्र भी बस उतरकर उसके आगे खड़ा हो गया। जब वह कुछ देर बाद दोबारा बस में पहुंचा तो थैला गायब देख दंग रह गया। पास में बैठा युवक भी गायब था। उसने चालक के सहयोग से खोज शुरू की। इस दौरान युवक रोडवेज बस स्टाप के बाहर खड़ा दिखाई दिया। पीछा करते हुए उसे पकड़ लिया।
तत्काल सरायमीरा पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस दौरान उसने अपना नाम विनोद दिवाकर निवासी बहादुरपुर थाना रसूलाबाद जनपद कानपुर देहात बताया। उसने कहा कि वह एक लाख रुपये से अधिक की रकम घर से लेकर दिल्ली जा रहा था।
जितेंद्र व बस ड्राइवर ने उसका पीछा किया। उसके पास मौजूद रुपये छिन जाने के डर से वह भाग खड़ा हुआ। तभी उसे पकड़ लिया। उसने थैले की चोरी नहीं की है। शक के आधार पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।