जीटी रोड हाइवे पर लगी वाहनों की कतार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जीटी रोड हाईवे पर मैनपुरी डिपो की रोडवेज बस के खराब होने से जाम लग गया। लगभग एक घंटे तक जाम में वाहन फंसे रहे। बाद में रोडवेज बस को धक्का मारकर साइड में लगाया गया, तब जाकर यातायात बहाल हुआ।
गुरुवार दोपहर नगर के पूर्वी बाईपास पर आगरा से कानपुर जा रही मैनपुरी डिपो की रोडवेज बस खराब हो गई। बीच सड़क पर बस खराब होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। छोटे वाहन चालकों ने साइड से निकलने का प्रयास किया तो वहां भी जाम लग गया। थोड़ी देर में जीटी रोड पूरी तरह जाम हो गया। लोगों ने जाम की सूचना पुलिस को दी, जिस पर हाईवे मोबाइल की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने आस-पास के दुकानदारों को बुलाकर बस में धक्का लगवाया और उसे साइड में खड़ा कराया। तब जाकर जीटी रोड पर यातायात बहाल हुआ।
इसी तरह नगर के मुख्य मार्ग पर भी पीपल चौराहा के पास एक ट्रैक्टर के आ जाने से जाम लग गया, जिसमें कई बाइक सवार और ई-रिक्शा फंसे रहे। यहां भी पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया। एसडीएम उदयवीर सिंह ने बताया कि नगर के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के चलते जाम लगता है। शीघ्र ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।