छिबरामऊ(कन्नौज)। बहनोई के भाई की मौत पर उसके घर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे लोगों से भरी वैन में लोडर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में वैन में सवार नौ व लोडर चालक गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक युवक को तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया।
रविवार को तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम विरौली निवासी प्रताप सिंह ने पड़ोसी गांव से वैन किराए पर बुक की थी। सुबह प्रताप सिंह पुत्र वीरसराय, मीना पत्नी मलखान, मंजू पत्नी राजकुमार, रामनरेश पुत्र देशराज, नीलम पत्नी प्रताप सिंह, रनवीर सिंह पत्नी भारत सिंह निवासीगण बिरौली, रानी पत्नी कप्तान सिंह निवासी भोजापुर के साथ अपने बहनोई महेश चंद्र निवासी वैरागपुर नबीगंज जा रहे थे। यहां पर महेश चंद्र के भाई धंशू की कैंसर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मौत पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए पूरा परिवार वहां जा रहा था। जैसे ही वह ग्राम घिलोई के सामने पहुंचे, तभी बेवर की तरफ से आ रहे लोडर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। वैन को तिसौली निवासी आकाश पुत्र मनोज चला रहा था। हादसे में वैन पर बैठे लोगों के अलावा लोडर चालक नरेंद्र मलहोत्रा पुत्र राजेंद्र निवासी गोविंद नगर कानपुर भी घायल हो गया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस घायलों को सौ शय्या अस्पताल ले आई। जानकारी पाकर एसडीएम गौरव शुक्ला व नायब तहसीलदार सौरभ यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों से उनका हाल-चाल जाना। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आकाश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया।