कन्नौज। एसडीएम कार्यालय में रिवाल्वर लगाकर पहुंचे युवक ने जमकर उत्पात किया। एसडीएम से मिलने की जिद कर रहे युवक से सुरक्षा कर्मचारियों ने रिवाल्वर बाहर जमा करने के लिए कहा तो वह भड़क गया। हंगामा करने लगा। जानकारी पर पहुंचीं एसडीएम सदर ने युवक को समझाने का प्रयास किया। वह नहीं माना। इसके बाद एसडीएम ने फोन कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस युवक को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। यहां उससे पूछताछ की जा रही है।
गुरुवार शाम एसडीएम सदर अपूर्वा यादव अपने कार्यालय में विभागीय कार्य कर रही थीं। इसी दौरान जलालपुर निवासी सतेंद्र दुबे रिवाल्वर लगाकर पहुंच गया। उसने कार्यालय में जबरन घुसने का प्रयास किया। सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोक लिया। रिवाल्वर बाहर जमा करने के लिए कहा। इस पर वह खुद को भाजपा नेता बताकर अंदर जाने का प्रयास करने लगा। सुरक्षा कर्मियों से उसे कार्यालय के बाहर खड़ा कर दिया। एसडीएम को मामले की जानकारी दी। एसडीएम ने इसकी सूचना कोतवाल सदर विकास राय को दी। कोतवाली पुलिस ने सतेंद्र दुबे को हिरासत में ले लिया। कोतवाली ले जाकर धारा 144 के उल्लंघन और सामाजिक दूरी का पालन न करने का मामला दर्ज कर रिवाल्वर को जमा कर लिया।