गुरसहायगंज(कन्नौज)। बैंक से पचास हजार रुपये निकाल कर पैदल घर लौट रहे रिटायर्ड फौजी से एक युवक ने झोला छीन लिया। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने गली में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखने के बाद एक युवक को हिरासत में लिया है।
गुरसहायगंज कोतवाली इलाके में समधन के रिहुआ निवासी मथुरा सिंह यादव रिटायर्ड फौजी हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह गुरसहायगंज कस्बे में तिर्वा रोड स्थित एसबीआई की शाखा से घर के खर्च के लिए रुपये निकालने आए थे। बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकालने के बाद इन्हें झोले में रखकर लौटने लगे। चकोर गली मुख्य मार्ग पर पहुंचते समय एक युवक ने रुपयों से भरा झोला छीन लिया। इसके बाद भाग निकला। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित मथुरा सिंह यादव से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। मोहल्ला बगिया में रहने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उसके पास से 23 हजार रुपये मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने युवक से पूछताछ शुरू की है।
सीओ सदर शिव प्रताप सिंह ने बताया कि रुपयों से भरा झोला छीनने की घटना की छानबीन चल रही है। जल्द खुलासा कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।