सौरिख। काॅलेज की छुट्टी होने के बाद मंगलवार को छात्रों के दो गुटों में मारपीट हुई। मारपीट में दो छात्र घायल हो गए। जानकारी पाकर पहुंचे अध्यापकों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देख मारपीट कर रहे छात्र बाइक छोड़ फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।
नगर के ऋषि भूमि इंटर काॅलेज में छुट्टी के बाद कालेज गेट पर तीन बाइकों पर सवार आठ-नौ युवक बगैर स्कूल ड्रेस में पहुंचे। काॅलेज गेट पर एक छात्र को बेरहमी से पीटने लगे। कक्षा 12 के छात्र राजा गिहार व अजीत गिहार ने बीचबचाव किया। मारपीट की जानकारी पर पहुंचे काॅलेज के अध्यापकों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देख बाइक सवार सभी लोग फरार हो गए। पुलिस ने एक बाइक कब्जे में लेकर थाने भेज दी।
मारपीट के दौरान राजा और अजीत घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। छात्र राजा ने बताया कि छुट्टी के बाद एक छात्र को दूसरे छात्र के साथ आए बाइक सवार युवकों ने पीटना शुरू कर दिया। बीच बचाव के दौरान उसके चोट आईं। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने राजा को अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस को देख मौके से सभी युवक फरार हो गए। एक बाइक कब्जे में ली गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।