सपा नेता की निशानदेही पर बरामद तमंचे को सीलबंद करती पुलिस।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। महिला कर्मी को बंधक बनाकर दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष आफाक खां को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को दस घंटे की कस्टडी रिमांड पर लिया। पुलिस ने जेल से थाने लाकर पूछताछ की। सपा नेता की निशानदेही पर पुलिस ने तमंचा व 20 कारतूस बरामद किए हैं।
महिला थाना प्रभारी पूनम अवस्थी ने बताया कि महिला कर्मी ने सपा नेता आफाक खां पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर सपा नेता को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पूछताछ के लिए आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लाया गया था। सपा नेता की निशानदेही पर जीटी रोड के किनारे निजी चिकित्सालय के पास एक गड्ढे से 315 बोर का तमंचा व 20 कारतूस बरामद किए गए हैं। कस्टडी रिमांड की अवधि खत्म होने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
सपा नेता के खिलाफ महिला कर्मी से दुष्कर्म के अलावा नौकरी के नाम पर ठगी करने की भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि सपा नेता ने सचिवालय व आबकारी विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद भारामऊ रामनगर निवासी पुष्पेंद्र, सत्येंद्र कुमार व अनिल कुमार से चार साल पहले नौकरी लगवाने के लिए 11 लाख रुपये लिए थे।
छिबरामऊ थाना प्रभारी शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि सपा नेता की निशानदेही पर तमंचा और 20 कारतूस बरामद किए गए हैं। आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया जाएगा।