रिक्शा स्टैंड के दिन अब बहुरने वाले हैं।
जीर्णोद्धार की पालिका प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। जेई ने स्थलीय
निरीक्षण कर निर्माण की रूपरेखा तैयार की।
रोडवेज बस स्टैंड के बाहर
स्थित रिक्शा स्टैंड लगभग 10 वर्ष से अधूरा पड़ा है। बरसात के दिनों में
रिक्शा स्टैंड में पानी भरने से वहां खड़ा होना मुश्किल हो जाता है। इसके
अलावा खुली नालियों की सफाई न होने से गंदगी और बदबू से लोग परेशान रहते
हैं। सभासद नीलम सविता ने रिक्शा स्टैंड के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण कराने
को पालिका प्रशासन को प्रस्ताव सौंपा था।
गुरुवार को पालिका जेई दिनेश
चंद्र तिवारी ने रिक्शा स्टैंड का निरीक्षण कर जायजा लिया। बताया कि रिक्शा
स्टैंड की छत और पिलर का प्लास्टर के साथ नाली और फर्श का निर्माण कराया
जाएगा। नाली पर पटिया डाल उसकी पुताई कराकर उसका सुंदरीकरण कराने का प्रयास
किया जाएगा। इस दौरान मौजूद कई रिक्शा चालकों ने जेई को समस्याओं से अवगत
कराया।