गुरसहायगंज। विद्युत निगम द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान शुक्रवार को अनियमितता मिलने पर चार उपभोक्ताओं पर विद्युत अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई। साथ ही विभाग ने सात लाख का बकाया बिल भी जमा कराया।
उपखंड अधिकारी पंकज कुमार चौधरी व अवर अभियंता राजकुमार व पुलिस टीम ने नगर के विभिन्न मोहल्लों में सघन जांच अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान चार उपभोक्ताओं को विद्युत उपभोग में अनियमितता बरतते हुए पकड़ा। विभाग की टीम ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसडीओ पंकज कुमार चौधरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष की ड्रीम स्कीम के तहत चयनित गुरसहायगंज, गांधीनगर और कुसुमखोर फीडरों पर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है। इस अभियान का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और बिजली चोरी पर नियंत्रण करना है। बताया कि पिछले दो दिन में टीम ने नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 120 नए स्मार्ट मीटर लगाए हैं।