चोरी की जानकारी देता दुकानदार।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। निर्माणाधीन दुकान की छत से होकर चोरों ने रेडीमेड कपड़े की दुकान में सेंध लगा दी। चोर दुकान के अंदर गोलक में रखी नगदी लेकर भाग गए। सुबह दुकान में चोरी की जानकारी से सनसनी फैल गई।
शहर की कलां चौकी के मोहल्ला बुधवारी निवासी मो. मतीन पुत्र मो. यामीन की सब्जी बाजार में रेडीमेड कपड़े की दुकान है। रविवार रात करीब दो बजे पड़ोसी कलीम निवासी मुबारकपुर टीला की निर्माणाधीन दुकान की छत से होकर चोरों ने मो. मतीन की दुकान में सेंध लगा दी। चोर गोलक में रखी छह हजार की नगदी ले गए। सुबह दुकान में सेंध देखकर दुकानदार के होश उड़ गए।
पीड़ित ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि छानबीन की जा रही है। चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।