तालग्राम तिराहा स्थित एक टेंट हाउस पर रामलीला कमेटी
की बैठक में 28 अक्तूबर से सौरिख तिराहे पर शुरू होने वाली रात्रिकालीन
रामलीला की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक के बाद पदाधिकारियों ने एसडीएम को
ज्ञापन सौंप सुरक्षा-व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
पदाधिकारियों
ने तहसील पहुंचकर एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित को ज्ञापन सौंपा, जिसमें
सौरिख तिराहा स्थित रामलीला स्थल से अतिक्रमण हटवाने, सड़क पर लगे शराब की
दुकान का बोर्ड हटवाने, खुले मांस और अंडों की बिक्री पर रोक लगाने,
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल, महिला पुलिस व फायर ब्रिगेेड की व्यवस्था
कराने, पालिका प्रशासन द्वारा प्रतिदिन सफाई, पेयजल व चूना आदि डलवाने के
साथ रामलीला का मंचन करने वाले कलाकारों के ठहरने को बारात घर मुहैया कराने
की मांग की गई है।
इसके बाद पदाधिकारियों ने बैठक कर आगे की रणनीति पर
चर्चा की। अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ललू ने बताया कि रात की रामलीला
प्रतिदिन शाम सात बजे शुरू करा दी जाएगी। रामलीला में चित्रकूट धाम की
आदर्श रामलीला कमेटी के कलाकारों द्वारा मंचन किया जाएगा। कमेटी द्वारा
महिला और पुरुषों के अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई है।
28 अक्तूबर से
शुरू होकर सात नवंबर को भरत मिलाप के साथ समाप्त होगी। महामंत्री मनोज दुबे
ने बताया कि अबकी रावण वाणासुर संवाद, परशुराम लक्ष्मण संवाद, 31 अक्तूबर
को केवट संवाद, दो नवंबर को लक्ष्मण शक्ति व राम विलाप, पांच नवंबर को
विशेष कलाकारों द्वारा मंचन किया जाएगा। सात नवंबर को राजा भरथरी नाटक का
मंचन किया जाएगा। बैठक में देवकी नंदन मिश्रा, चंद्रहास कुशवाह, प्रशांत
त्रिपाठी चंदन, दिलीप गुप्ता, श्यामू चौहान आदि मौजूद थे।