अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बालक समेत छह
लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। यहां प्राथमिक
उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को सैफई रेफर कर दिया गया।
फर्रुखाबाद
के लालदरवाजा निवासी रवि पुत्र रामप्रकाश अपने 10 वर्षीय भतीजे मोनू पुत्र
नंगा निवासी मोहल्ला रामनगर गुरसहायगंज के साथ बाइक से अपने रिश्तेदारी
में बाइक से ग्राम बहवलपुर आए थे। रविवार की रात करीब नौ बजे ट्रैक्टर की
टक्कर से दोनों घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर
होने पर उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। ग्राम हृदयरामपुर निवासी वृद्ध
कौशलेष मिश्रा अपनी स्कूटी से नगर आ रहे थे। जब वह जीटी रोड हाईवे पर निगम
मंडी के पास पहुंचे, तभी बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया।
यहां
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। ग्राम चिलमिलैया
निवासी महिपाल पुत्र मुंशीलाल बाइक से दवा लेने नगर आ रहे थे। जब वह ग्राम
करमुल्लापुर के पास पहुंचे, तभी हाईवे पर वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर
रूप से घायल हो गए।
उनके साथ मोहित निवासी ग्राम पूरननगला भी चुटहिल हो
गए, उन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। महिपाल की हालत गंभीर
होने पर डाक्टर ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया। उधर, ग्राम डढ़ी सिकंदरा
निवासी पिंटू पुत्र हाकिम सिंह अपने बहनोई कैलाश सिंह पुत्र शंभू सिंह
निवासी विजयपुर नगला पाठक फफूंद के साथ बाइक से इंदरगढ़ जा रहे थे।
तालग्राम रोड पर जब वह हाथिन के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे टेंपो ने
बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों घायल हो गए। उन्हें
उपचार को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर कैलाश को रेफर कर
दिया गया।