जिले में रक्षाबंधन का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनसे सुरक्षा की सौगंध ली। इस दौरान भाइयों ने बहनों को उपहार दिए। रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस स्टाप पर यात्रा साधनों के लिए महिलाओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। मिठाई व राखी दुकानों पर सुबह से ही महिलाओं की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी। वहीं पुलिस प्रशासन को लगने वाले जाम से पूरे दिन जूझना पड़ा।
रक्षाबंधन के पर्व को लेकर सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल दिखाई दी। राखी बांधने के लिए भाई के घर जा रही बहनों ने दुकानों पर राखी खरीदने के बाद मिठाई दुकानों पर जमकर खरीददारी की। वहीं आवागमन के साधनों का टोटा भी रहा। इस दौरान जीटी रोड, तिर्वा क्रासिंग, लाखन तिराहा, गुरसहायगंज, तिर्वा सहित अन्य कस्बों में जाम की स्थित से पुलिस प्रशासन को जूझना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में कम क्षमता की बोगियों व एक साथ हजारों की संख्या में यात्रियों के पहुंच जाने पर ट्रेनों का बुरा हाल रहा।
खचाखच भरकर पूरे दिन ट्रेनों चलीं। ऐसा ही कुछ हाल रोडवेज बसों का दिखा। सीट को लेकर कई बार यात्रियों के बीच वाद-विवाद की भी स्थित पैदा हुई। इस बार मुहूर्त को लेकर पूरे दिन काफी असमंजस की स्थित रही। कई स्थानों पर तो लोगों ने सुबह ही राखी बंधवा ली, लेकिन तमाम जगह मुहूर्त को लेकर असमंजस रहा। क्षेत्र के कस्बा मलिकपुर, तालग्राम, नजरापुर, तिर्वा, अमोलर, बरगावां,जसोदा, जलालाबाद, गुरसहायगंज, रामाश्रम सहित अन्य कस्बों में धूमधाम के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। नजरापुर प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के गांव जसनीपुर्वा, मिश्रनपुर्वा, वैसापुर, बंशीपुर, मुरैया, बहादुरपुर, गूरा, विसंधुआ में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
भुजरियां प्रवाहित कर लिया बड़ों का आशीर्वाद
देर शाम को पास के तालाबों में भुजरियां प्रवाहित करने के लिए बड़ी संख्या में युवक-युवतियों की भीड़ उमड़ी। कन्नौज मुख्यालय सहित आसपास के तालाबों में लोगों ने भुजरियों को प्रवाहित किया। इसके बाद घर पहुंचकर बड़े बुजर्गो से आशीर्वाद लिया। इस दौरान बुजर्गों ने उनको नेग भी दिया। उधर गुगरापुर प्रतिनिधि के मुताबिक रक्षाबंधन का पर्व पूर्णिमा पर होने के कारण बड़ी संख्या में जलेसर घाट पर लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे। इस दौरान स्नान कर लोगों ने मनौतियां मांगी।