कन्नौज। राजा तिर्वा का महल ''''आनंद भवन'''' अब प्रदेश का पहला लग्जरी हैरिटेज होम स्टे बन गया है। यह अनोखी पहल इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के अमा स्टेज एंड ट्रेल्स ब्रांड के सहयोग से साकार हुई है। खास बात यह है कि आनंद भवन पैलेस अब अमा के राष्ट्रीय पोर्टफोलियो में शामिल 150वां विरासत बंगला बन गया है। इससे इत्रनगरी को अनुभवात्मक पर्यटन की नई पहचान मिलेगी, बल्कि पर्यटक यहां विरासत, इत्र और आतिथ्य का अद्वितीय संगम अनुभव कर पाएंगे।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम व जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने शनिवार को फीता काटकर आनंद भवन का लोकार्पण किया। वर्ष 1929 में निर्मित और पांच एकड़ में फैला आनंद भवन पैलेस ज़मींदारी युग की यादें ताजा करता है। राजा दिग्विजय नारायण सिंह के स्वामित्व वाला यह महल रेलवे स्टेशन से 15 किलोमीटर दूर है। वर्ष 2024 में कन्नौज ने 13,04,754 पर्यटकों का स्वागत किया था। ऐसे में यह नया होमस्टे क्षेत्र में पर्यटन को और गति देने की उम्मीद जगाता है।
प्रमुख सचिव ने कहा कि कन्नौज इत्र नगरी के रूप में विश्व विख्यात है। पिछले वर्ष यहां 13 लाख से अधिक पर्यटक आए। आनंद भवन पैलेस के हेरिटेज होम स्टे बनने से पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। प्रदेश के हेरिटेज संपत्ति मालिकों से अपील है कि वे सरकार के साथ मिलकर विरासत को सहेजने में योगदान दें। ऐसे प्रयास न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाते हैं, बल्कि पर्यटकों को अविस्मरणीय अनुभव भी प्रदान करते हैं।
इको-टूरिज्म के निदेशक प्रखर मिश्रा ने कहा कि जिले में अनेक ज़मींदारी घर, हवेलियां और महल हैं, जिन्हें व्यवसायिक होटल में नहीं बदला जा सकता है, लेकिन वे हेरिटेज स्पेस के रूप में अपार संभावनाएं रखते हैं। इस दौरान अमा होमस्टे के वाइस प्रेसिडेंट सुमित बजाज तथा आईएचसीएल के क्लस्टर जनरल मैनेजर विनोद पांडेय, सीडीओ रामकृपाल चौधरी, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. मोहम्मद मकबूल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वैशाली भी मौजूद रहीं।
सुगंध से प्रेरित छह हेरिटेज सुइट होंगे आकर्षण
आनंद भवन पैलेस में कन्नौज के इत्रों से प्रेरित छह हेरिटेज सुइट बनाए गए हैं, जिसमें जैस्मिन, पैचौली, ऊद, नेरोली, गुलाब और बख़ूर। यह लग्जरी हेरिटेज होम स्टे मेहमानों को फार्म-टू-टेबल स्थानीय भोजन, नेपाली स्वादों के साथ डिनर और खुले आसमान के नीचे बारबेक्यू नाइट जैसे विशेष पाक अनुभव प्रदान करेगा। इसके अलावा पर्यटकों के लिए स्विमिंग पूल पर विश्राम, विंटेज गेम्स रूम में बिलियर्ड्स, लाख बहोसी बर्ड सैंक्चुअरी में बर्ड वॉचिंग और इत्र परंपरा को समझने के लिए गाइडेड टूर जैसी गतिविधियां भी उपलब्ध हैं।
बाल संग्रहालय व महादेवी घाट को विकसित करने के निर्देश
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति ने जिले में प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि महादेवी घाट का 12.37 लाख रुपये की लागत से घाट का सुंदरीकरण, चेंजिंग रूम एवं अन्य कार्यों की परियोजनाओं को स्वीकृत कर शीघ्र ही पूरा कराया जाएगा। रोमा संग्रहालय, राही पर्यटक आवास गृह एवं म्यूजियम को एकीकृत पर्यटन परिसर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। बाल संग्रहालय में निरीक्षण के समय उन्होंने कहा कि इसके अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।