कन्नौज। नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने 21 जून को कासगंज-रावतपुर-कासगंज के बीच विशेष सवारी ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे कन्नौज, गुरसहायगंज, फर्रुखाबाद, कायमगंज और आसपास के क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापस लौटने में बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे के अनुसार 05320 कासगंज-रावतपुर परीक्षा विशेष सवारी ट्रेन 21 जून को सुबह छह बजे कासगंज से रवाना होगी। यह गंजडुंडवारा से सुबह 6:44 बजे, दरियावगंज से 7:13 बजे, कायमगंज से 7:40 बजे, फर्रुखाबाद से 8:15 बजे, फतेहगढ़ से 8:32 बजे, गुरसहायगंज से 8:59 बजे, कन्नौज से 9:22 बजे, बिल्हौर से 9:47 बजे, बर्राजपुर से 10:07 बजे और मंधना से 10:32 बजे प्रस्थान करते हुए सुबह 11:05 बजे रावतपुर पहुंचेगी। वापसी में 05319 रावतपुर-कासगंज परीक्षा विशेष सवारी ट्रेन शाम सात बजे रावतपुर से रवाना होगी। यह बर्राजपुर से 7:30 बजे, बिल्हौर से 7:48 बजे, कन्नौज से 8:14 बजे, गुरसहायगंज से 8:43 बजे, फतेहगढ़ से 9:12 बजे, फर्रुखाबाद से 9:30 बजे, कायमगंज से 10 बजे, दरियावगंज से 10:30 बजे और गंजडुंडवारा से 10:49 बजे चलकर अगले दिन रात 12:30 बजे कासगंज पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से स्टेशन पहुंचकर यात्रा सुनिश्चित करने और इस विशेष सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।