फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: जाम से निजात के लिए कन्नौज, मलिकपुर, गुरसहायगंज में बनेंगे रेलवे ओवरब्रिज

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। रेलवे फाटक बंद होने से लगने वाले जाम से राहगीरों और वाहन चालकों को अब निजात मिलेगी। जिले में मलिकपुर, गुरसहायगंज व शहर की गैस एजेंसी क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। सेतु निगम ने डीएम के माध्यम से रेलवे से एनओसी मांगी है जिस पर छिबरामऊ एसडीएम व सदर एसडीएम से आख्या तलब की गई है। सेतु निगम के अधिकारियों के मुताबिक तीन आरओबी बनने से डेढ़ लाख वाहन चालकों को जाम से निजात मिलेगी।
विज्ञापन

प्रदेश सरकार ने हाईवे पर पड़ने वाली रेलवे क्राॅसिंगों को बंद करने का निर्णय लिया है। जिले में कानपुर-फतेहगढ़ स्टेट हाईवे पर मलिकपुर रेलवे क्रॉसिंग, गुरसहायगंज में जीटी रोड पर पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग व कन्नौज शहर में गैस एजेंसी क्रॉसिंग पर सेतु निगम अब रेलवे ओवरब्रिज बनवाएगा। डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार हाेने के बाद शासन ने बजट भी आवंटित कर दिया है। अब सेतु निगम इन पुलों की आधारशिला रखने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए रेलवे की एनओसी चाहिए।
सेतु निगम के सहायक अभियंता वीरेंद्र चतुर्वेदी ने शुक्रवार को बताया कि डीएम के माध्यम से एक पत्र मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर बरेली को भेजा जाएगा। वहां से एनओसी मिलने के बाद काम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि तीनों आरओबी का काम एक साथ शुरू होगा। इसके लिए सीमांकन कर लिया गया है। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि रेलवे से एनओसी मिलने के बाद अगले माह से काम शुरू हो जाएगा। फतेहगढ़ व दिल्ली की तरफ आने वाले वाहनों को फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
विज्ञापन

मलिकपुर व गुरसहायगंज में सबसे अधिक यातायात
सेतु निगम के इंजीनियरों ने तीनों रेलवे क्रॉसिंग पर टीवीयू (ट्रैफिक वीडियो यूनिट) का आंकड़ा जारी किया है। इसके अनुसार मलिकपुर रेलवे क्राॅसिंग से प्रतिदिन 1,44,662, गुरसहायगंज क्रॉसिंग से 1,45,584 तथा गैस एजेंसी क्रॉसिंग से 32000 वाहन गुजरते हैं। रेलवे ओवरब्रिज बनने से इतने वाहन चालकों को सहूलियत होगी। ट्रेन या मालगाड़ी पास होने से फाटक पर खड़े होने से मुक्ति मिलेगी।
कानपुर-कासगंज रेलखंड पर बंद होंगी ये क्रॉसिंग
कानपुर-कासगंज रेलखंड पर रेलवे ओवरब्रिज बनने के बाद स्टेट हाईवे 29ए कानपुर-फतेहगढ़ पर फाटक संख्या 122वी/2ई रेलवे किलोमीटर 107/17-18, गुरसहायगंज में पुराना जीटी रोड पर फाटक संख्या 115 पर रेलवे किलोमीटर 100/19-20 तथा गैस एजेंसी क्रॉसिंग फाटक संख्या 94वी/2टी रेलवे किलोमीटर 80/16-17 को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। सेतु निगम के सहायक अभियंता ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज भूकंप रोधी व शॉक प्रूफ बनाया जाएगा। दोनों किनारों पर स्ट्रीट लाइट व साइन बोर्ड भी लगवाए जाएंगे।

वर्जन
छिबरामऊ व सदर एसडीएम की आख्या मिलने के बाद पत्र रेलवे के उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। एनओसी मिलते ही सेतु निगम निर्माण कार्य शुरू करेगा। मॉनीटरिंग के लिए अधिकारियों को नियुक्त किया जाएगा।
विज्ञापन

-आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, जिलाधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें