कन्नौज। खरीफ सीजन में किसानों को खाद की दिक्कत न हो इसके लिए डीएम ने तीनों तहसीलों में टीमें गठित कर छापेमारी करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में बुधवार को एक खाद विक्रेता दुकान बंद करके भाग गया। इस पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। साथ ही आठ दुकानदारों को नोटिस और पांच दुकानों से खाद के नमूने लिए गए।
अपर जिला कृषि अधिकारी हरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि सदर में उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, जिला उद्यान अधिकारी सीपी अवस्थी, तिर्वा में भूमि संरक्षण अधिकारी आरके वर्मा, एआर कोआपरेटिव राजीव लोचन शर्मा और छिबरामऊ में स्वयं व मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य अजय सिंह ने 25 दुकानों पर छापेमारी की। समधन और मलिकपुर में बिना सूचना के दुकान बंद कर विक्रेता चले गए। इस पर आठ विक्रेताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जवाब न देने की स्थिति में लाइसेंस निलंबित की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि समधन में एक विक्रेता देखकर दुकान बंद करके चला गया। इस पर उनका लाइसेंस निलंबित किया गया है। साथ ही पांच खाद दुकानों पर नमूना लिया है। नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अपर जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि कोई भी विक्रेता अधिक दाम में किसानों को खाद न दें। आधार और खताैनी से किसानों को खाद दें। कालाबाजारी करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
किसान दिवस में सुनी गई शिकायतें
उपकृषि निदेशक कार्यालय सभागार में किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुनी गई। उपकृषि निदेशक संतोष कुमार ने किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।