लखनऊ में हुए अजीत सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे शूटर रमेश तोमर को कानपुर में शरण देने वालों की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। घटना के बाद से आरोपी कानपुर में छुपा था। उसकी तलाश में लखनऊ पुलिस टीम ने कानपुर में दबिश दी थी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
इधर लखनऊ पुलिस ने सोमवार को उसके साथी मुख्य शूटर गिरधारी उर्फ डाक्टर को मुठभेड़ में मार गिराया। अजीत सिंह को मौत के घाट उतारने वाले छह शूटरों में से एक रमेश तोमर भागकर कानपुर आ गया था।
उसकी तलाश में शनिवार देर रात एसीपी पूर्वी संजीव सुमन ने अपनी टीम के साथ शहर में कई जगह छापेमारी की थी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस सूत्रों के अनुसार रमेश तोमर यहां पर छुपकर रह रहा था इसकी जानकारी एक अज्ञात मोबाइल नंबर को ट्रैक करते वक्त हुई थी।
सूत्रों का कहना है कि पूर्वांचल के एक बड़े माफिया के कुछ गुर्गे कानपुर के बाहरी क्षेत्र में रह रहे हैं। उनके कुछ मोबाइल नंबर मिले हैं जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। आशंका है कि माफिया के गुर्गों ने ही रमेश तोमर को शरण दी होगी। इनके पकड़े जाने के बाद और तथ्यों का खुलासा होगा।