छिबरामऊ। अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में गिरफ्तार कांग्रेस के जिला महासचिव अमोल दीक्षित की बेटी की उम्र को लेकर सोशल मीडिया में सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में जांच तेज कर दी है।
दिवाली के दिन अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड में अमोल दीक्षित, उनकी मां मुन्नी देवी, पिता अवध बिहारी और बेटी को जेल भेजा है। बेटी की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया में उसके नाबालिग होने के दावे सामने आए। पुलिस उसके बालिग होने का दावा कर रही है, जिसके लिए आधार कार्ड का हवाला दिया गया है। अब पुलिस बेटी के स्कूल से शैक्षिक अभिलेखों की जांच करेगी। हत्याकांड से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी बारीकी से खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात की साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था। हत्यारोपी के नाबालिग बेटे की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
हत्यारोपी की बेटी की गिरफ्तारी को लेकर इंटरनेट मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि अन्य इसे उचित बता रहे हैं। कन्नौज में सपा के जिला प्रवक्ता विजय द्विवेदी ने भी गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए और किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। बताया कि हत्यारोपी को जेल भेजना चाहिए न कि उसके पूरे परिवार को। कानून में यह नहीं लिखा कि पिता के जुर्म पर बेटे को व बेटे के जुर्म पर पिता को जेल भेज दो।