वाहन चोरी का खुलासा करते एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। पुलिस ने वाहन चोर गैंग के सरगना की गिरफ्तारी के बाद कबाड़ी की दुकान से दो कारें और एक कटी हुई कार के पार्ट्स बरामद किए। पुलिस ने कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। वहीं दो अन्य चोरों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मलिकपुर निवासी अजय कुमार की बोलेरो पिछले हफ्ते चोरी हो गई थी। सदर कोतवाली के मानीमऊ में राजा रानी गेस्ट हाउस से भी एक बोलेरो चोरी हो गई थी। गुरसहायगंज थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार पाठक ने शातिर वाहन चोर कटरा कायमगंज फर्रुखाबाद निवासी साकिब उर्फ कंजा पुत्र रहीश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बगिया सोहनलाल कायमगंज निवासी कबाड़ी बलराम गुप्ता की दुकान से एक बोलेरो, सेंट्रो कार के अलावा एक कार के पार्ट्स बरामद किए।
सोमवार को एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शातिर साकिब ने दो साथियों के साथ बरामद कारों को चोरी किया था। सेंट्रो कार से यह लोग जिले में आए थे। इसके बाद बलराम गुप्ता को 35-35 हजार में बोलेरो बेची थी। यह लोग चोरी की कारों के पार्ट्स भी बेचते थे। गिरोह में शामिल कमरुद्दीननगर कंपिल फर्रुखाबाद निवासी सगे भाई शीशराम व रिंकू की तलाश की जा रही है। इन्हें जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।