तालग्राम(कन्नौज)। ईशन नदी के छदामीपुर्वा घाट पर निर्माणाधीन पुल तक बनने वाली सड़क की राह में कुछ किसान रोड़ा बने हैं। इससे पुल के एक सिरे पर काम अभी तक अधूरा है। मामला न सुलझने से फिलहाल आवागमन की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है।
छदामीपुर्वा घाट पर जनवरी 2020 में पुल बनना शुरू हुआ था। सेतु निगम को काम मिला था। अब करीब छह माह से बंद है। पुल का निर्माण तकरीबन पूरा है। रैंप और सड़क बननी है। इलाके के आठ किसानों की जमीन जा रही है। इनके विरोध करने पर काम बंद हो गया। इनमें बंटवारा नहीं हुआ है। इससे दिक्कत है। सरकार सर्किल रेट के हिसाब से इन्हें 3.90 लाख रुपये दे रही है। यह चार गुना ज्यादा मुआवजा मांग रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के तमाम प्रयासों के बाद भी मसला सुलझ नहीं रहा है। इससे काम शुरू नहीं हो पा रहा है। पुल न बनने से इलाके के लोगों को लंबा चक्कर काटकर इंदरगढ़ पहुंचना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों जाया होते हैं। पुल बनने से टिकरी, छदामीपुर्वा, कुड़री, भुजरिया, भोरामऊ, मस्तियापुर, महराजपुर, गोकुल नगरिया, मनिकापुर, परोहटिया, ताहपुर आदि गांव के लोगों को फायदा होगा। वहीं डीएम राकेश कुमार मिश्र का कहना है कि सेतु निगम के अधिकारियों और किसानों से बात की जाएगी। जनहित के लिए होने वाले इस कार्य को पूरा कराया जाएगा। पंचायत उपचुनाव के बाद जल्द ही इस मुद्दे पर पहल की जाएगी।