कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की
भीड़ उमड़ी। पीड़ितों की शिकायत सुन एसडीएम ने कई मामले का मौके पर ही
निस्तारण किया। इस दौरान आई दो शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को
निस्तारण के लिए सौंप दिया गया। लापरवाही बरतने पर कोतवाल ने दारोगा को
कड़ी फटकार लगाई।
शनिवार को कोतवाली में हुए समाधान दिवस में
एसडीएम रामबहादुर वर्मा ने लोगों की शिकायतें सुनीं। इसमें से ज्यादातर
शिकायतें राजस्व से जुड़ी थी। ज्यादातर का मौके पर मौजूद राजस्व निरीक्षक
और क्षेत्रीय लेखपालों द्वारा निस्तारण कर दिया गया।
ग्राम
बहादुरपुर के बेटालाल पुत्र वीरबल ने जमीन के बैनामे के रुपये के लेनदेन के
संबंध में शिकायत की। ग्राम भगवंतपुर की राधा ने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को
लेकर पति के खिलाफ शिकायत की। ग्राम पंचायत शाहजहांपुर में चकरोड के
निर्माण को लेकर शिकायत की थी।
एसडीएम ने ग्राम प्रधान और पीड़ित
की मौजूदगी में क्षेत्रीय लेखपाल से पैमाइश कर मामले के निस्तारण के
निर्देश दिए। ग्राम कुंवरपुर कंडौली से संबंधित शिकायतें आने पर जब वहां के
चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह को बुलाया गया तो वे मौके से नदारद मिले।
कोतवाल ने उन्हें कई बार फोन किया।
लंबे इंतजार के बाद वे मौके पर
पहुंचे। कोतवाल ने कार्यों में लापरवाही बरतने पर जमकर फटकार लगाई। एसडीएम
की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में कोतवाल खलीक अहमद, एसएसआई एसके
शुक्ला, राजस्व निरीक्षक कमलप्रकाश यादव, लेखपाल अनिल प्रकाश यादव समेत सभी
क्षेत्रीय लेखपाल और दारोगा मौजूद रहे।