कन्नौज। इंडियन रेलवे एम्प्लाइज फेडरेशन (आईआरईएफ) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को भारतीय रेल कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसी क्रम में एनई रेलवे मेंस कांग्रेस (एनईआरएमसी) के पदाधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशन पर एकत्र होकर लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के समक्ष 10 सूत्री मांगें रखीं। संगठन की प्रमुख मांगों में उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) की गणना 18 हजार रुपये के वर्तमान न्यूनतम वेतन के आधार पर करने, आठवें केंद्रीय वेतन आयोग की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर सिफारिशें लागू करने और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करने की मांग की है। इसके अलावा रेलकर्मियों ने रेलवे में जारी निजीकरण, आउटसोर्सिंग व ठेकेदारी प्रथा पर तुरंत रोक लगाने, सभी रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करने, नए पदों का सृजन करने तथा ट्रैकमैन कैडर का पुनर्गठन करने की आवाज उठाई।
कर्मचारियों ने रेलकर्मियों के माता-पिता को परिवार के सदस्य के रूप में मान्यता देकर रेलवे पास व चिकित्सा सुविधाएं देने और आईआरईएफ को रेलवे बोर्ड में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की। इस अवसर पर रवींद्र सिंह, अजमेर सिंह, राम चैट यादव, राजू दिवाकर, महेंद्र सिंह, पप्पू कुमार, सत्येंद्र कुमार, इंद्रेश कुमार, धर्म सिंह, संदीप यादव, अनीश खान, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।