विकास खंड मुख्यालय पर प्रधान और सदस्य पद के
प्रत्याशियों को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया गया। चिन्ह मिलते ही
प्रत्याशी हाईवे किनारे ब्लाक गेट पर लगी प्रचार की दुकानों पर टूट पड़े और
चुनाव चिन्ह से संबंधित प्रचार सामग्री की खरीदारी की।
पंचायत चुनाव
के दूसरे चरण में एक दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए प्रधान और सदस्यों
को सोमवार को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए। चुनाव चिन्ह मिलते ही
प्रत्याशी ने जनसंपर्क और प्रचार में ताकत झोंक दी है। छिबरामऊ और सौरिख
क्षेत्र में दूसरे चरण में मतदान होना है।
इन दोनों विकास खंडों में सोमवार
को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए। चुनाव प्रचार को
प्रत्याशियों के बीच धमाचौकड़ी शुरू हो गई है। मतदान में अब सिर्फ सात दिन
शेष हैं। ऐसी स्थिति में प्रत्याशी जनसंपर्क में ताकत झोंक रहे हैं। सुबह
से लेकर देर रात तक गांव-गली में घर-घर जाकर प्रत्याशी वोटरों के पैर छूकर
आशीर्वाद लेकर वोट देने की दुहाई दे रहे हैं।