कन्नौज। शहर में निकलने वाला जुलूसे ए मोहम्मदी ड्रोन और बीएसएफ की निगरानी में निकलेगा। शासन ने लखनऊ से एक कंपनी बीएसएफ भेजी है। इसके साथ ही पांच ड्रोन कैमरों के जरिए छतों से लेकर जुलूस की निगरानी की जाएगी।
अयोध्या फैसला को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट है। रविवार सुबह करीब 11 बजे से जुलूसे मोहम्मदी सफदरगंज की ओर से मीरा टोला जामा मस्जिद से जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस में करीब 70 छोटे जुलूस शामिल होंगे। इसके बाद करीब 50 हजार की भीड़ के साथ जुलूस ईदगाह के लिए रवाना होगा। जुलूस के दौरान किसी भी तरह से शांति व्यवस्था प्रभावित न हो इसके लिए शासन से एक कंपनी बीएसएफ को रवाना कर दिया। जुलूस के दौरान पांच ड्रोन कैमरे आसमान से जुलूस से लेकर पूरे शहर की निगरानी करेंगे। अगर कोई भी व्यक्ति शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जुलूस में शामिल लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से डायवर्जन किया गया है। एसबीएस इंटर कालेज और सदर कोतवाली तक ही वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद लोग पैदल जाएंगे। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट है। शनिवार को सदर कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने अति संवेदनशील लाखन तिराहा पर चेकिंग की। इस दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। जिनके पास से गुजरात की एक बाइक मिली। जिस पर गलत नंबर लिखा था। कोतवाली ले जाकर पुलिस ने युवकों को छोड़ दिया, लेकिन उनकी बाइक कब्जे में ले ली।
बगैर बताए एसपी कार्यालय से रवाना हुए पुलिसकर्मी
अयोध्या फैसले को लेकर पुलिस हाई अलर्ट है। सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर बुला लिया गया है। वहीं, एसपी कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों की बड़ी लापरवाही देखने को मिली। शनिवार को पुलिस कप्तान अमरेंद्र प्रसाद सिंह गश्त पर रहे। ऐसे में एसपी कार्यालय में तैनात कई पुलिसकर्मी बगैर सूचना दिए चले गए। बताया गया कि पुलिस कर्मचारी ने कानपुर और फर्रुखाबाद में आवास बनाए हैं। अक्सर बगैर बताए कार्यालय से रवाना हो जाते हैं।