तिर्वा। लगातार तीन दिनों से बीएसएनएल की सेवा बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, दो दिन बाद खुली बैंकों में सर्वर न आने के कारण दूर-दूर से आए खाता धारकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारत दूरसंचार की सेवा से चलने वाले मोबाइल व लैंडलाइन के उपभोक्ताओं को पिछले तीन दिनों से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को अवकाश के चलते बीएसएनएल आफिस नहीं खुला था। इस कारण उसकी सेवाएं सुचारु रूप से नहीं शुरू हो पाई। सोमवार को दो दिनों के बाद खुली बैंक में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी। सर्वर न आने के कारण बैंकों में लाइन मे खड़े लोगों के काम नही हो पाए। कस्बे की तिर्वाखास स्थित आर्यव्रत ग्रामीण बैंक में सोमवार को ग्राहकों की अचानक भारी भीड़ एकजुट हो गई। बैंक में सर्वर न आने के कारण ग्राहक हंगामा करने लगे। बैंक मैनेजर ने उनके यहां आए खाताधारकों का कार्य फगुहा स्थित ग्रामीण बैंक में मैनेजर ने बार-बार कर्मियों को भेजकर करवाए। शाखा प्रबंधक जीएम खान ने बताया कि बैंक में सर्वर नहीं आए। ग्राहकों की परेशानियों को देखते हुए उन्होंने फगुहा बैंक से ग्राहकों के काम कराए। बीएसएनएल के एसडीओ एमएच खान ने बताया कि बीएसएनएल कार्यालय पर लगी साफ्टवेयर की मशीन में तीन दिनों से तकनीकी खराबी आ गई थी। इस कारण नेटवर्क में समस्या आ गई। मशीन को सही कराया जा रहा है। जल्द ही दिक्कत दूर हो जाएगी।