प्रधानमंत्री आवास योजना का घालमेल उजागर हुआ है। छिबरामऊ ब्लाक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में 59 अपात्रों का चयन कर दिया। सीडीओ उदयराज यादव की ओर से कराई गई जांच में मामला सही पाए जाने पर डीपीआरओ ने सेक्रेटरी को निलंबित कर दिया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों के दो माह से चयन की प्रक्रिया चल रही है। लगभग सभी ब्लाकों की लिस्ट भी फाइनल हो चुकी है। आचार संहिता लागू हो जाने से धनराशि का हस्तानांतरण पात्रों के खातों में नहीं हो सका। ग्राम पंचायत कसावा के ग्राम पंचायत अधिकारी मदन सिंह ने करीब 59 अपात्रों का चयन कर दिया। खंड विकास अधिकारी की जांच में मामला खुला। डीपीआरओ इंद्रपाल सोनकर ने सीडीओ के निर्देश पर ग्राम पंचायत अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बताया कि यदि ये रुपये अपात्रों के खातों में हस्तानांतरित हो जाता तो करीब 70.80 लाख की रिकवरी करानी पड़ती।
मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी पंचायत छिबरामऊ को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अंदर आरोपपत्र तैयार करके प्रस्तुत करें। निलंबन अवधि में ग्राम पंचायत अधिकारी को विकास खंड कार्यालय छिबरामऊ से संबद्ध किया गया है।