कन्नौज। इत्रनगरी में नवीन प्रेस क्लब भवन की आस जल्द पूरी होगी। कान्यकुब्ज पत्रकार समिति के शपथ ग्रहण समारोह में रविवार को आए कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने डीएम को प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन मिलने के बाद जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रेस क्लब भवन का निर्माण कराया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार शिवा अवस्थी व अजय द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने दीप प्रज्जवलन कर किया। इसके बाद प्रेस क्लब जिलाध्यक्ष राजीव नयन त्रिपाठी समेत नवीन कार्यकारिणी ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने जिले में प्रेस क्लब भवन बनाने का मुद्दा उठाया, जिस पर प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने आश्वासन दिया। पूर्व सांसद ने सकारात्मक पत्रकारिता पर बल दिया तो छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय ने सोशल मीडिया के युग में निष्पक्ष पत्रकारिता के बारे में कहा कि यह समाज का दर्पण है इसलिए पत्रकारों को सजग रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक आशुतोष दुबे के संचालन में हुए कार्यक्रम में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, एसपी विनोद कुमार, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विवेक नरायन मिश्रा, कांग्रेस प्रदेश सचिव विजय मिश्रा, तिर्वा के पूर्व पालिकाध्यक्ष विनोद गुप्ता आदि मौजूद रहे।