कन्नौज। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को हाईस्कूल के छात्रों का हिंदी का प्रश्नपत्र है। प्रशासन ने तीन जोनल, 18 सेक्टर, 29 स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पांच उड़नदस्ता टीमों का गठन किया है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट संवेदनशील व अति संवेदनशील केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से पहले अपने सामने प्रश्नपत्र का बंडल खुलवाने के साथ ही कापियों के जमा होने तक केंद्र पर डटे रहेंगे। सदर तहसील स्थित एनआईसी (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) में कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम में किसी भी केंद्र पर चल रही परीक्षा को वेब कास्टिंग के जरिए देखा जा सकेगा।
प्रशासन हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर कई माह से तैयारियों में जुटा है। मंगलवार को हाईस्कूल का पहला प्रश्नपत्र है। सोमवार को डीआईओएस कार्यालय पर कक्ष निरीक्षकों के ड्यूटी आईकार्ड बनाने का कार्य चलता रहा। परीक्षा केंद्रों पर सीटिंग प्लान तैयार कर स्लिप चिपकाई गईं। केंद्र व्यवस्थापकों ने अलग-अलग कक्षों में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने का चार्ट बनाया है। विद्यालय के मुख्य गेट पर तलाशी अभियान के लिए महिला व पुरुष शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। आंतरिक सचल दस्ते का गठन किया गया है। आंतरिक दस्ता परीक्षा के दौरान कक्षों में घूम-घूमकर जायजा लेगा।
पांच संवेदनशील केंद्र और बढ़ाए गए
एलआईयू की रिपोर्ट के आधार पर संवेदनशील श्रेणी में पांच परीक्षा केंद्र और बढ़ा दिए गए हैं। अभी तक प्रशासन ने चौदह संवेदनशील व दस अति संवेदनशील केंद्र चिह्नित किए थे। डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने बताया कि केके इंटर कालेज, डॉ.जाकिर हुसैन गुरसहायगंज, डीएन इंटर कालेज तिर्वा, स्व.चंद्रमौलि इंटर कालेज जनखत, सुखराम सिंह कुसुमलता इंटर कालेज छिबरामऊ के नाम संवेदनशील श्रेणी में बढ़ाए गए हैं। इन केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट बैठकर परीक्षा कराएंगे।
राज्य स्तरीय सचल दल निरीक्षक नामित
परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए हर बिंदु पर मंथन हो रहा है। शासन ने उप शिक्षा निदेशक साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा शंभूभान सिंह को राज्य स्तरीय सचल दल निरीक्षक नामित किया है। उप शिक्षा निदेशक ने सोमवार को डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर परीक्षा से संबंधित जानकारी लेते हुए भौगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी ली। वह परीक्षा के दौरान जिला मुख्यालय पर रहकर मानीटरिंग करेंगे।
कलक्ट्रेट में भी बनाया गया कंट्रोल रूम
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए एनआईसी में वेब कास्टिंग कंट्रोल रूम के अलावा कलक्ट्रेट में भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार की देखरेख में यह कंट्रोल रूम कार्य करेगा। प्रभारी एसडीएम मंशाराम को बनाया गया है। डीआईओएस ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी तरह की समस्या होने पर डीआईओएस कार्यालय में कोई भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। यहां दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।