कन्नौज। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर छिबरामऊ तहसील परिसर में विशेष प्री-कैंप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एक नवंबर को जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले वृहद मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों का जायजा लिया गया।
शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, प्रोबेशन, स्वास्थ्य और बाल विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। ग्रामीणों ने वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, राशन कार्ड स्वीकृति व संशोधन और शासकीय आर्थिक सहायता योजनाओं से जुड़े सैकड़ों आवेदन प्रस्तुत किए। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदनों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण करने पहुंची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पॉमेला श्रीवास्तव ने प्रत्येक स्टॉल का जायजा लिया और बुजुर्गों, महिलाओं व दिव्यांगों से संवाद कर समस्याएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर आवेदन की प्री-स्क्रीनिंग पारदर्शिता से की जाए ताकि एक नवंबर के मुख्य शिविर में कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।