छिबरामऊ। बेसिक शिक्षा विभाग के नवनियुक्त शिक्षकों का 12 दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार को पूरा हो गया। प्रशिक्षण में सभी शिक्षकों को मिशन प्रेरणा, ऑपरेशन कायाकल्प सहित 14 बिंदुओं पर विस्तार से जानकारियां दी गईं। डीआईओएस ने कहा कि प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों की शिक्षा को बेहतर करेंगे।
जिला विद्यालय एवं प्रशिक्षण संस्थान में छिबरामऊ, जलालाबाद, गुगरापुर, तालग्राम, सौरिख, कन्नौज व हसेरन ब्लाक के नवनियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। डायट प्रवक्ता राजेश वर्मा ने आधारशिला हस्त पुस्तिका एवं आधारशिला क्रियान्वयन संदर्शिका पर विस्तृत चर्चा की। परशुराम शाक्य ने शिक्षकों को बच्चों की कौशल दक्षता एवं शिक्षण संग्रहण पुस्तिका पर समझ को विकसित किया। योगेंद्र कुमार ने पाठ्य योेजना, आदर्श विद्यालय की संकल्पना पर जानकारी दी। एसआरजी अमित कुमार मिश्रा ने दीक्षा एप, रिजनिंग एप, मानव संपदा एप को डाउनलोड कराया और इससे संबंधित जानकारियां दीं। विकास कुमारी ने सामुदायिक सहभागिता, समावेशी शिक्षा, बालिका शिक्षा कार्यक्रम पर चर्चा की। संजीव कुमार कटियार ने सहायक निगरानी, न्याय पंचायत, सचिव बैठक एवं शिक्षक डायरी की सामूहिक चर्चा की। डायट प्राचार्य ओपी सिंह ने कहा कि सभी नवनियुक्त शिक्षक मिशन प्रेरणा के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उन्मुख रहें।