छिबरामऊ(कन्नौज)। वकील संजय शाक्य की जमीन पर अवैध निर्माण के विरोध में वकीलों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी रही। वकीलों ने प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की।
शुक्रवार को बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष फहीमुज्जमां खां के नेतृत्व में वकीलों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। वकीलों का कहना था कि जब तक संजय शाक्य को न्याय नहीं मिल जाता, लड़ाई जारी रहेगी। अब यह लड़ाई अकेले संजय शाक्य की नहीं रही। यह समूचे अधिवक्ता समाज की बन गई है। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव, अरविंद सिंह राठौर, ललित प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी अधिवक्ता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाद में सभी वकील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा के चेंबर में पहुंचे। अध्यक्ष ने सभी वकीलों को आश्वस्त किया कि संजय शाक्य के साथ ही किसी भी वकील का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, राजीव हजेला, विनीत चतुर्वेदी, अवनींद्र यादव, दुर्गा नारायन सिंह राठौर, कन्हई सिंह वर्मा, नेम सिंह यादव, पवन दीक्षित, मुकेश पांडेय, सुधाकर अग्निहोत्री, हरिगोविंद राजपूत, चित्रांश राय सक्सेना, अंकुर मिश्रा, रूपेश दुबे, योगेंद्र यादव सहित कई वकील मौजूद रहे।
पांच सदस्यीय समिति की घोषणा
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा और महासचिव चंद्रजीत यादव ने बताया कि संजय शाक्य एडवोकेट के प्रकरण में बार एसोसिएशन कार्यकारिणी और दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर जांच समिति का गठन किया गया है। समिति में श्याम कुमार राजपूत, सैयद मोहम्मद आमिर रिजवी, जयवीर सिंह यादव, सतेंद्र पाठक और ओमप्रकाश शाक्य को शामिल किया गया है।