कन्नौज। स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड से पोस्टपेड मोड में बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जून से उपभोक्ताओं के दर्ज मोबाइल नंबर पर पोस्टपेड बिल भेजे जाने की तैयारी है। बिल भुगतान प्रक्रिया में परिवर्तन होने पर जिले के उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।
जिले के 82,048 घरेलू उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। प्रीपेड स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता समाप्त होने से जिले के 2,63,703 उपभोक्ताओं बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश सरकार द्वारा सभी प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदलने का आदेश होने के बाद बिजली की अचानक कटौती बंद हो गई है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।
अब उपभोक्ताओं को हर महीने की 10 तारीख तक बिल जारी किए जाएंगे। साथ ही बकाया भुगतान के लिए 10 किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को प्रीपेड स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याओं से निजात मिलेगी। हालांकि लगे हुए स्मार्ट मीटर को नहीं बदला जाएगा, बल्कि सॉफ्टवेयर और तकनीकी कमांड (बैकेंड सिस्टम) के जरिए उन्हें पोस्टपेड मोड में परिवर्तित किया जाएगा। अधिशासी अभियंता मगन सिंह का कहना है कि सभी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित हो रही है। विभागीय आदेशानुसार कार्रवाई की जा रही है। समस्याओं के निस्तारण के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं।
शिकायत निवारण विशेष शिविर
विद्युत निगम द्वारा 15 मई से 30 जून तक विशेष शिकायत निवारण शिविर लगाकर शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। जहां उपभोक्ताओं की अचानक बिजली कटने और तकनीकी खराबी की शिकायतों के निवारण किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।