सिकंदरपुर। कस्बे के बजरिया रोड स्थित शिव मंदिर के सामने रविवार एक ज्वेलर्स की दुकान पर तीन महिलाओं द्वारा नकली सोना बेचने का मामला सामने आया है। शक होने पर महिलाएं सफेद रंग की कार में बैठकर फरार हो गईं। यह महिलाएं दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गईं।
दुकानदार रामजी वर्मा ने बताया कि दोपहर 2.20 बजे तीन महिलाएं उनकी दुकान पर आईं। इनमें दो महिलाओं की उम्र 40 वर्ष तथा एक महिला 65 वर्ष की थी। महिलाओं ने कान में पहनने वाली सोने की बाली बेचने की बात कही। दुकानदार ने बाली को गर्म कर जांच की तो वह पीतल की निकली। इस पर महिलाओं से बाली नकली होने की बात कही गई तो उन्होंने कहा कि कोई बात नहीं। इससे दुकानदार को शक हो गया। उसने 112 नंबर पर कॉल करने का प्रयास किया पर संपर्क नहीं हो सका।
इसके बाद वह चौकी पर चला गया। मौका पाकर महिलाएं वहां से भाग फरार हो गईं। पीछा करने पर देखा गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर एक सफेद रंग की कार खड़ी थी। तीनों महिलाएं तेजी से कार में बैठीं और चालक वाहन लेकर छिबरामऊ की ओर फरार हो गया। ग्रामीणों ने बाइक से कार का पीछा किया पर सफलता नहीं मिली। कार पर दर्ज नंबर की जांच करने पर वह स्कूटी का निकला। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।