फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हत्या की ओर इशारा कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट

Sat, 29 Jul 2017 12:33 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला कन्नौज
विज्ञापन
प्रतीकात्मक - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
बैंक मैनेजर की बेटी की गोली लगने से हुई मौत के बाद शुक्रवार को दो चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद जो तथ्य सामने आए हैं, वे हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। अभी तक आत्महत्या मान कर चल रही पुलिस की पड़ताल भी हत्या के बिंदु पर घूम गई है। पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस घटना के पीछे किसी करीबी का हाथ मान रही है।
विज्ञापन


तिर्वा रोड पर नसरापुर स्थित बंद कालोनी निवासी विजय कुमार वर्मा आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की शाखा जसोदा में मैनेजर हैं। गुरुवार को घर की छत पर बने स्टोर रूम में बीएड में पढ़ने वाली उनकी 23 वर्षीय बेटी रुचि को गोली लग गई थी। कानपुर ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया था। शुक्रवार को डा. जितेंद्र कुमार और डा. सीबी गुप्ता के पैनल द्वारा रुचि का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में रुचि के सीने में 315 बोर की गोली फंसी मिली है। रिपोर्ट के अनुसार, गोली करीब एक से डेढ़ मीटर की दूरी से चली है। इससे वह शरीर के आरपार नहीं हो सकी है।

पुलिस का भी मानना है कि आत्महत्या करने की स्थिति में किसी के भी द्वारा खुद को एक से डेढ़ मीटर की दूरी से गोली मारना संभव नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि गोली आखिर लगी कैसे? अगर किसी ने मारी तो वो कौन है? घर की छत तक कैसे पहुंचा? फिलहाल पुलिस को जांच में इन्हीं प्रश्नों के जवाब तलाशने हैं, जिसके लिए वह रुचि से जुड़े हर शख्स को जांच के घेरे में लेने की तैयारी कर रही है। उधर, घटना बैंक मैनेजर की छत पर बने स्टोर रूम में हुई। पुलिस का मानना है कि ऐसा नहीं है कि छत पर कोई आ-जा नहीं सकता। मकान की छत से छत जुड़ी होने के कारण ऐसा हो सकता है।
विज्ञापन

पुलिस अधीक्षक हरिशचंदर ने बताया कि छानबीन के साथ परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। मामले का खुलासा जल्द किया जाएगा।
 
खून से सना तमंचा पुलिस को सौंपा
कन्नौज। रुचि की मौत के करीब सात घंटे बाद परिजनों ने कोतवाली पुलिस को खून से सना व खाली कारतूस फंसा 315 बोर का तमंचा सौंपा। जबकि पुलिस को एक भी कारतूस नहीं दिए गए हैं। घर में तमंचा कहां से आया? इस पर बैंक मैनेजर विजय वर्मा कोई जवाब पुलिस को नहीं दे सके। उप निरीक्षक जंग बहादुर ने बैंक मैनेजर के खिलाफ सदर कोतवाली में आर्म एक्ट का मुकदमा भी दर्ज कराया है।

पोस्टमार्टम प्रक्रिया की नहीं हुई निगरानी
कन्नौज। बीएड की छात्रा रुचि की मौत के मामले में पुलिस की भी लापरवाही सामने आई है। रुचि के पोस्टमार्टम प्रक्रिया की निगरानी के लिए फोरेंसिक टीम द्वारा वीडियोग्राफी नहीं कराई गई है। सिर्फ दो चिकित्सकों ने ही सामान्य ढंग से पोस्टमार्टम कर दिया। पुलिस की इस कार्यशैली से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। 

गंदगी मिलने पर भड़के एसपी
कन्नौज (ब्यूरो)। शुक्रवार सुबह पुलिस लाइन में आयोजित परेड का एसपी हरिश चंदर ने निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन के सभागार व मेस और बैरकों का निरीक्षण किया। मेस और बैरक में गंदगी मिलने पर उन्होंने जिम्मेदार लोगों को फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।

मारपीट में तीन घायल
कन्नौज (ब्यूरो)। अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। सदर कोतवाली क्षेत्र गांव संदोहनपुरवा निवासी आकाश पुत्र संजय को बाहपुर निवासी बंटी और छोटू व अतुल और संगीता ने मारपीट कर घायल कर दिया। इसी प्रकार चौराचांदपुर गांव निवासी रोहित और रानी देवी व लीला और नीतू ने पड़ोस में रहने वाली ननकी पत्नी विनोद कुमार को रंजिश के चलते पीट दिया। जबकि गदनपुर वड्डू निवासी श्रीप्रकाश को गिहार बस्ती निवासी चंदन गिहार ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें