समधन। ब्रह्मदेव मंदिर के लिए पूजा-अर्चना करने जाने वाले श्रद्धालुओं को खस्ताहाल संपर्क मार्ग का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ता है। मार्ग न बनने से नाराज श्रद्धालुओं ने शनिवार को महंत बदनदास बाबा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर नाराजगी जताते हुए मंदिर मार्ग दुरुस्त करवाने की मांग की गई।
मलिकपुर के मजरा बल्लापुरवा स्थित रामताल के पास मंदिर परिसर में जगवीर सिंह, आशीष कुमार, बड़कू यादव, करुटे, बागेश कुमार, चंदन सिंह आदि ने ग्राम प्रधान के ऊपर अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि खस्ताहाल संपर्क मार्ग को बनवाने के लिए तमाम कोशिश की गई, लेकिन परिणाम बिल्कुल सिफर साबित हुआ। कीचड़ और गड्ढों भरे रास्ते से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को मंदिर तक पहुंचने में काफी दिक्कत होती है। बारिश में तो हालात और खराब हो जाते हैं।
इस पर सचिव शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर जाने के लिए खस्ताहाल संपर्क मार्ग को बनवाने के लिए नई कार्ययोजना में सम्मिलित करके बनवाया जाएगा। वहीं प्रदेश सरकार में पंचायती राज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के जिला प्रतिनिधि गुंजन सिंह ने कहा कि हमारी सरकार मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए वचनबद्ध है, फिर भी मंदिर जाने के लिए खस्ताहाल संपर्क मार्ग से पूजा-अर्चना करने जाते हैं तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल खस्ताहाल सड़क को जल्द बनवाने की मांग उठाई है।